सूरजपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। जिले के युवाओं को करियर की नई दिशा देने के उद्देश्य से भटगांव में मेगा करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 31 जनवरी को स्टेडियम ग्राउंड भटगांव में आयोजित होगा, जिसमें प्रसिद्ध करियर मार्गदर्शक नितिन विजय (एनवी सर), मोशन कोचिंग सेंटर कोटा के संस्थापक एवं सीईओ, विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र बताएंगे।

कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल और मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। मेगा करियर गाइडेंस कार्यक्रम के दौरान तेजी से बदलते प्रतिस्पर्धी माहौल, करियर चयन और समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
मंत्री के निर्देशानुसार कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम की सभी तैयारियां स्टेडियम ग्राउंड में पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम का संभावित प्रारंभ समय दोपहर 1 बजे निर्धारित है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से कार्यक्रम में शामिल होकर विशेषज्ञ मार्गदर्शन का लाभ उठाने और अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने की अपील की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
