सूरत, 07 मार्च (हि.स.)। गुजरात के सूरत के डिंडोली इलाके में सणिया कणदे रोड स्थित आत्मीय संस्कारधाम स्वामीनारायण मंदिर परिसर के बाथरूम से दो युवतियों के शव बरामद होने से सनसनी फैल गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उधना स्थित सिटीज़न कॉलेज में अध्ययनरत 18 वर्षीय रोशनी शरद शिरसाठ और 20 वर्षीय जोसना अतुल चौधरी सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकली थीं। लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए।

परिजनों ने दोनों छात्राओं से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद परिवारजन उनकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान डिंडोली क्षेत्र के सणिया कणदे रोड स्थित आत्मीय संस्कारधाम स्वामीनारायण मंदिर के बाथरूम में दोनों छात्राओं के शव संदिग्ध हालत में मिलने से हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही डिंडोली पुलिस का काफिला मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मौके पर निरीक्षण करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिंडोली पुलिस के अनुसार, प्राथमिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होने की संभावना है।
इस घटना के बाद डिंडोली इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल देखा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे
