कोलकाता, 02 मार्च (हि. स.)। साल्टलेक में ग्रीन लाइन मेट्रो को लेकर यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार सुबह साल्टलेक स्थित कोलकाता मेट्रो की ग्रीन लाइन के सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन के बाहरी छत की दीवार का हिस्सा गिरने की घटना सामने आई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मेट्रो सेवा की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह व्यस्त समय में स्टेशन के नीचे सड़क पर छत की दीवार का हिस्सा गिर पड़ा। कुछ जगहों पर स्टेशन के निचले हिस्से की सीमेंट परत भी उखड़ती दिखी। घटना के समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही काफी अधिक थी।

घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र सड़क के प्रभावित हिस्से को घेर दिया गया। इसके साथ ही मेट्रो रेल प्रशासन को भी जानकारी दी गई। मेट्रो अधिकारियों और इंजीनियरों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
मेट्रो सूत्रों के मुताबिक, यह जांच की जा रही है कि छत की दीवार का हिस्सा गिरने की वजह क्या थी। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में कमी या रखरखाव में कोई चूक हुई। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित हिस्से की मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले साल ब्लू लाइन पर कवि सुभाष मेट्रो स्टेशन के पिलरों में दरारें सामने आने के बाद स्टेशन को बंद कर दोबारा निर्माण का फैसला लिया गया था। ऐसे में अपेक्षाकृत नए सेंट्रल पार्क मेट्रो स्टेशन पर हुई इस घटना ने यात्रियों के बीच डर और असमंजस बढ़ा दिया है।
घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों में चिंता है कि क्या ग्रीन लाइन पर मेट्रो सेवा पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। हालांकि, मेट्रो प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सेवा पर फिलहाल कोई असर नहीं पड़ेगा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
