रांची, 07 फ़रवरी (हि.स.)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा शनिवार को देशव्यापी एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच अभियान के तहत रांची में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख, रांची आर.सी. गोयल ने की। इस दौरान एमएसएमई क्षेत्र के लाभार्थियों को कुल 131 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

मौके पर आर.सी. गोयल ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में एमएसएमई क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया इस क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर वित्तीय सहयोग और सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने एमएसएमई से संबंधित विभिन्न ऋण योजनाओं और बैंकिंग उत्पादों की जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दी। साथ ही उपस्थित लाभार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। लाभार्थियों ने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए इसे उद्योग और उद्यमियों के लिए बेहद उपयोगी बताया।
इस कार्यक्रम में रांची एवं आसपास के जिलों से 70 से अधिक एमएसएमई ऋण लाभार्थी तथा बैंक के अधिकारी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।——–
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
