सीवान, 09 अप्रैल (हि.स.)। सीवान जिले के हसनपुरा प्रखंड के सेमरी और हसनपुरा प्रखंड कार्यालय से जुड़े हालिया घटनाक्रम को लेकर भाकपा माले ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर कई गंभीर आरोप लगाए और न्यायिक जांच की मांग की। पार्टी ने कहा कि सेमरी घटना न केवल निंदनीय है, बल्कि इसके जरिए सांप्रदायिक तनाव फैलाने की साजिश रची जा रही है।

प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक अमरनाथ यादव, अमरजीत कुशवाहा, एपवा की राज्य अध्यक्ष सोहिला गुप्ता सहित अन्य नेता मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि एक मामूली साइड विवाद को लेकर टेंपू चालक के साथ मारपीट और फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
भाकपा माले नेताओं ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर मामला दर्ज किया, लेकिन बिना जांच के निर्दोष लोगों को भी आरोपित बना दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति मैनुद्दीन शेख, जो एक वर्ष से अधिक समय से विदेश में हैं, उन्हें भी केस में शामिल कर लिया गया। साथ ही 100 अज्ञात लोगों को भी नामजद किया गया, जो प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
नेताओं का कहना था कि प्रशासन द्वारा आम लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है और धमकी दी जा रही है कि किसी को भी कभी उठाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सत्ता संरक्षित सामंती और सांप्रदायिक ताकतों का मनोबल बढ़ाने की कोशिश है, जिससे समाज में हिंदू-मुस्लिम तनाव बढ़ाया जा सके।
सोहिला गुप्ता ने हसनपुरा प्रखंड में कार्यरत सृष्टि कुमारी की मौत को “संस्थानिक हत्या” बताते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके। साथ ही परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की भी मांग की गई।
भाकपा माले ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने और अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
