सोनीपत, 06 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत

में रोहतक रोड स्थित झरोठ टोल टैक्स पर कार्यरत कर्मचारी का रास्ता रोककर अपहरण करने

और मोबाइल लूटने के मामले में थाना सदर सोनीपत पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। इससे पहले एक आरोपी को काबू किया जा चुका था। शुक्रवार को अदालत में पेश
कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
घटना
25 जनवरी 2026 की है। पीड़ित सचिन झरोठ टोल टैक्स पर ड्यूटी पर था। इसी दौरान एक ट्रक
चालक से टोल की पर्ची को लेकर कहासुनी हुई, जिसे मौके पर शांत करा दिया गया। लेकिन
ट्रक चालक पक्ष ने इसे अपमान मानते हुए रंजिश पाल ली। उसी दिन शाम जब सचिन अपनी ड्यूटी
पूरी कर स्कूटी से घर लौट रहा था, तो आरोपियों ने कार से उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों
ने उसे जबरन कार में डाल लिया। कार चला रहे युवक सहित अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट
की और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। कुछ दूरी पर भारत गैस एजेंसी के पास उसे कार से नीचे
फेंक दिया गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत
के आधार पर थाना सदर सोनीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पहले
एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पूछताछ से अन्य आरोपियों की पहचान हुई। इसके
बाद पुलिस ने छापेमारी कर जिले रोहतक निवासी आशीष और सागर तथा जिले सोनीपत निवासी जयवीर
को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस
के अनुसार आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूट और मारपीट का मामला दर्ज है। गिरफ्तार किए
गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से शुक्रवार को उन्हें दो दिन के पुलिस
रिमांड पर भेजा गया है। रिमांड के दौरान छीना गया मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त कार
बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में
कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
