सोनीपत, 20 मार्च (हि.स.)। राई

हलका विधायक कृष्णा गहलावत ने शुक्रवार को अपने कार्यालय सभागार में सोनीपत महानगर
विकास प्राधिकरण, जन स्वास्थ्य विभाग व कुंडली नगरपालिका के अधिकारियो की बैठक लेकर
कुंडली व आसपास के क्षेत्रो में चल रहे विकास कार्यो की समीक्षा की। बैठक में करोड़ों
रुपये की लागत से चल रहे कार्यो को शीघ्र पूरा करने तथा लंबित टेंडर प्रक्रिया को तेजी
से निपटाने के निर्देश दिए गए।
विधायक
ने कहा कि हलका में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं रहनी चाहिए।
यदि किसी कार्य में
अनुमति या अन्य अड़चन आती है तो तुरंत जानकारी दें, समाधान कराया जाएगा। अधिकारियों
ने बताया कि कुंडली में एसटीपी निर्माण का टेंडर आठ अप्रैल को हो चुका है और कार्य
दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। सिवरेज व्यवस्था का टेंडर 27 मार्च को खुल चुका
है तथा स्ट्रोम वाटर निकासी का टेंडर अंतिम चरण में है।
बैठक
में कुंडली के तीन तालाबो के सौंदर्यकरण, कंसलटेंट नियुक्ति व डीपीआर तैयार करने की
प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। विधायक ने इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश
दिए। इसके अलावा राई व लिवान गांव में पेयजल परियोजनाओ, मुरथल में महाग्राम योजना,
हलालपुर में 24 घंटे जलापूर्ति, बढ़मलिक में तालाब सौंदर्यकरण व ड्रेन नंबर 6 के निर्माण
पर भी विस्तार से समीक्षा की गई।
टीडीआई
किंग्स बेरी की सड़को के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने, छठ घाट निर्माण पूरा कराने
तथा गंदे पानी की निकासी से जुड़े प्रोजेक्ट को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विभिन्न विभागो के अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
