
अभ्यार्थी बोले नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता

का आधार बने
सोनीपत, 17 मार्च (हि.स.)। सोनीपत
में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) सिविल सेवा परीक्षा-2025 में जिले के सात युवाओं
ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। मंगलवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने लघु सचिवालय स्थित
कार्यालय में सभी सफल अभ्यर्थियों व उनके परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया और
उनके संघर्षपूर्ण सफर की सराहना करते हुए कहा कि सोनीपत के गौरव बने सात युवाओं ने इतिहास रच दिया है।
उपायुक्त
ने अभ्यर्थियों से उनकी तैयारी, चुनौतियों और सफलता के अनुभव विस्तार से जाने। उन्होंने
कहा कि यह उपलब्धि न केवल परिवारों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे जिले के युवाओँ
के लिए प्रेरणा स्रोत भी है। उन्होंने विशेष रूप से रेखांकित किया कि सीमित संसाधनों
के बावजूद कठोर परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर यह सफलता प्राप्त की
गई है। सिविल सेवा परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में माना जाता है, जिसे उत्तीर्ण
करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
सफल
अभ्यर्थियों में प्रीति चौहान ने 47वीं रैंक, मानसी डागर ने 137वीं रैंक, संदेश जैन
ने पहले प्रयास में 161वीं रैंक, इशिता शर्मा ने 268वीं रैंक, वैभव भारद्वाज ने
344वीं रैंक, निशि त्यागी ने 685वीं रैंक तथा अमन ने दूसरे प्रयास में 731वीं रैंक
हासिल की। अमन वर्तमान में सीमा सडक़ संगठन में सहायक कार्यकारी अभियंता के पद पर कार्यरत
हैं और अरुणाचल प्रदेश में तैनात हैं।
इस अवसर
पर नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन सहित अन्य प्रशासनिक
अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियोँ ने अभ्यर्थियोँ से संवाद करते हुए विश्वास जताया
कि ये सभी नवचयनित अधिकारी अपने कार्यकाल में समाज के विकास और जन कल्याण के लिए महत्वपूर्ण
योगदान देंगे। अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि नियमित अध्ययन, समय
प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता का मुख्य आधार रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
