सोनीपत, 09 फ़रवरी (हि.स.)।

जिले के खरखौदा क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई
करते हुए एक महिला पटवारी को रिश्वत लेते हुए सोमवार को गिरफ्तार किया है। इस मामले
में रिश्वत की राशि पहुंचाने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी मौके से पकड़ा गया है। यह
कार्रवाई सोनीपत और रोहतक एंटी करप्शन ब्यूरो की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
मामला
जमीन के मालिकाना हक से जुड़ा है। सिसाना गांव निवासी शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी
शिकायत में बताया कि उसके पास लगभग 450 गज का एक पंचायती प्लॉट है, जिस पर उसका परिवार
पिछले करीब 25 वर्षों से काबिज है। हरियाणा सरकार की मालिकाना हक योजना के तहत, 20
वर्ष या उससे अधिक समय से काबिज व्यक्ति निर्धारित शुल्क जमा कराकर जमीन की रजिस्ट्री
करा सकता है। इसी प्रक्रिया के तहत शिकायतकर्ता ने आवश्यक दस्तावेज तैयार कराए थे।
शिकायत
के अनुसार, महिला पटवारी ने फाइल आगे बढ़ाने और पास कराने के बदले 25 हजार रुपये की
रिश्वत मांगी। बाद में बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ। रिश्वत न मिलने
पर पटवारी ने कई महीनों तक फाइल को जानबूझकर रोके रखा और स्पष्ट कहा कि बिना पैसे दिए
काम नहीं होगा। जैसे ही रकम मिलेगी, फाइल तुरंत निकालकर आगे की कार्रवाई पूरी कर दी
जाएगी।
इससे
परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच
के बाद ब्यूरो ने योजना बनाकर जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार, रिश्वत की रकम एक चाय
बनाने वाले के माध्यम से पटवारी तक पहुंचाई जानी थी। शिकायतकर्ता ने 20 हजार रुपये
उस व्यक्ति को दिए, जिसने यह रकम पटवारी तक पहुंचाई।
जैसे
ही चाय बनाने वाला व्यक्ति रिश्वत की राशि लेकर पटवारी के पास पहुंचा और रकम सौंपी
गई, एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मौके पर दबिश दी। टीम ने महिला पटवारी सुदेश को रिश्वत
को रिश्वत के रुपयों के साथ और रिश्वत पहुंचाने वाले व्यक्ति दोनों व्यक्तियाें को गिरफ्तार कर
लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
