सोनीपत, 26 जनवरी (हि.स.)। सोनीपत

जिले के गांव जठेड़ी में खेत से ट्रैक्टर लेकर गांव लौट रहे एक युवक पर गांव के ही
कुछ युवकों ने सोमवार को फायरिंग कर दी। इस हमले में युवक को दो गोलियां लगीं, जिससे
वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तुरंत सोनीपत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे,
जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रोहतक के स्नातकोत्तर चिकित्सा
संस्थान रेफर कर दिया गया।
परिवार
के सदस्यों के अनुसार घायल युवक अशोक खेतीबाड़ी करता है।
खेत से काम निपटाकर वह ट्रैक्टर
से गांव लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे युवकों ने उस पर गोलियां चला
दीं। गोली लगते ही अशोक ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार
हो गए। सूचना
मिलने पर राई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच
में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला
दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित
ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस
जांच में सामने आया है कि यह हमला करीब तीन वर्ष पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है।
गांव में पहले हुए एक हत्या मामले में अशोक पर आरोप लगे थे, जिसमें वह जेल में सजा
काट रहा था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। इसी पृष्ठभूमि को लेकर गांव में आपसी
तनाव बना हुआ था।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ
है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना
है कि सभी पहलुओं की गहन जांच कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
