मुरादाबाद, 21 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में रहने वाली एक महिला के अश्लील फोटो और वीडियो उसके ही पति ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पीड़ित महिला ने मझोला थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी अमरोहा जिले के देहात थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। पति और ससुराल वालों से विवाद चल रहा है। जिसका मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन है।

पीड़िता ने बताया कि आरोपित पति ने उसे धोखे में रखकर उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिया था। अब आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली। जिस पर आरोपी पीड़िता के फोटो और वीडियो पोस्ट कर उसे बदनाम कर रहा है। इससे पहले भी आरोपी इस तरह की हरकत कर चुका है।
सिविल लाइंस सर्किल के क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने बताया कि मामले में पीड़िता पत्नी की तहरीर पर आरोपित पति के खिलाफ आईटी एक्ट में शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरु कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
