खूंटी, 16 मार्च (हि.स.)। आगामी दिनों में होने वाले रामनवमी, ईद, सरहुल सहित अन्य त्योहारों के लिए सोमवार को खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई।

अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में केंद्रीय रामनवमी महासमिति के महामंत्री जितेंद्र कश्यप सहित अन्य सदस्यों ने श्रीरामनवमी महोत्सव के दौरान अष्टमी, नवमी और दशमी तिथि को केंद्रीय रामनवमी महासमिति के तत्वाधान में होने वाले विविध आयोजनों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए श्रीरामनवमी महोत्सव के दौरान नवमी की शोभा यात्रा और मंगलवारी जुलूस के लिए निर्धारित परंपरागत मार्ग की साफ सफाई के साथ ही त्यौहार के दौरान बिजली पानी की निर्बाध आपूर्ति करने की मांग की गई।
साथ ही यह भी बताया गया कि पहली मंगलवारी जुलूस 17 मार्च को और दूसरी मंगलवारी जुलूस 24 मार्च को निकाला जाएगा। अंजुमन इस्लामिया खूंटी के सेक्रेटरी वार्ड पार्षद खालिद हुसैन ने बताया कि चांद नजर आने के बाद मनाए जाने वाले ईद का त्यौहार संभवतः 20 अथवा 21 मार्च को मनाया जाएगा।
उन्होंने भी त्यौहार के दौरान निर्वाध बिजली पानी की आपूर्ति के साथ ही समुचित साफ सफाई की मांग की। वहीं सरना संगोम समिति के मथुरा कंडीर ने बताया कि समिति द्वारा 21 मार्च को खूंटी में सरहुल की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सदस्यों के इस मांग पर अनुमंडल पदाधिकारी ने समुचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से आपसी भाईचारा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की अपील की। अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि त्यौहार के दौरान किसी प्रकार के अफवाह पर ध्यान ना देते हुए इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
उन्होंने यह भी कहा कि समिति के लोग भी अपने स्तर से वॉलिंटियर्स की नियुक्ति कर असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रखें, और कहीं से भी कोई अप्रिय स्थिति की जानकारी मिलती है तो तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दें। बैठक में नगर पंचायत खूंटी के अध्यक्ष रानी टूटी, एसडीपीओ वरुण रजक, अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार, केंद्रीय रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष अनूप साहू, संरक्षक ज्योतिष भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, मनोज कुमार, प्रखंड प्रमुख छोट राय मुंडा सहित अन्य शामिल थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
