जोधपुर, 29 जनवरी (हि.स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय सीमा सुरक्षा बल में भारत स्काउट एवं गाइड संगठन के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय स्काउट-गाइड प्रथम एवं द्वितीय सोपान जांच शिविर का आज समापन हुआ। शिविर में विद्यालय के स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने अनुशासन, सेवा-भाव, आत्मनिर्भरता एवं व्यवहारिक कौशल का प्रदर्शन किया।

दो दिवसीय जांच शिविर की गतिविधियों के अंतर्गत स्काउट एवं गाइड विद्यार्थियों ने अपने-अपने सोपान से संबंधित कार्य पूर्ण किए तथा विभिन्न दक्षता पदों पर कार्य करते हुए आवश्यक योग्यताएं अर्जित कीं। इस दौरान स्काउट-गाइड अध्यापकों द्वारा विद्यार्थियों की मौखिक एवं लिखित परीक्षा भी ली गई।

विद्यार्थियों ने बांस एवं रस्सियों की सहायता से टेंट निर्माण किया तथा रस्सियों द्वारा विभिन्न गांठों का प्रदर्शन कर उनके दैनिक जीवन में उपयोगिता एवं महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वादिष्ट भोजन एवं पारंपरिक व्यंजन भी तैयार किए गए। विशेष रूप से स्काउट-गाइड विद्यार्थियों ने पारंपरिक भोजन बनाने के लिए आवश्यक सामग्री स्वयं एकत्रित कर, चूल्हे एवं लकड़ी का प्रयोग करते हुए भोजन तैयार किया, जो आत्मनिर्भरता एवं जीवन कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण रहा।
इसके साथ ही पेय पदार्थों के रूप में शरबत, चाय एवं कॉफी भी बनाई गई, जिसका सभी उपस्थित अतिथियों एवं आगंतुकों ने भरपूर आनंद लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक क्षमता का परिचय देते हुए विविध स्काउट गजट तैयार किए, जिनमें शिविर का मुख्य द्वार विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
स्टॉल लगाकर विद्यार्थियों ने अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन किया, जिससे शिविर का वातावरण जीवंत एवं प्रेरणादायक बन गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार व्यास रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि जया व्यास उपस्थित रहीं। साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक एल. दवे, स्काउट संयोजक चेनाराम, गाइड कैप्टन पूजा छिपा तथा जेसी गहलोत, ओपी वैष्णव एवं कृष्ण कुमार यादव ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
