हरिद्वार, 09 मार्च (हि.स.)। रेलवे स्टेशन व बसस्टैंड के बाहर वर्षों से रेहड़ी-पटरी लगाकर स्वरोजगार कर रहे स्ट्रीट वेंडर्स को नगरनिगम द्वारा हटाए जाने के विरोध में इन लघु व्यापारियों ने नगर निगम पहुंचकर उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी का घेराव किया।

लघु व्यापार एसोसिएशन के बैनर तले आए व्यापारियों को संबोधित करते हुए चोपड़ा ने कहा कि नगर निगम में पंजीकृत और लाइसेंस प्राप्त रेहड़ी-पटरी व्यापारियों को अतिक्रमण के नाम पर हटाया जा रहा है। इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट आ गया है।
उन्होंने मांग की कि उन्हें उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली 2016 के तहत योजनाबद्ध तरीके से बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, रेलवे रोड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर व्यापार करने की अनुमति दी जाए। उन्होंंने सभी लघु व्यापारियों को परिचय पत्र देकर उनका स्थान चिन्हित कििए जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा यदि शीघ्र हो बसस्टैंड व रेलवे स्टेशन सहित अन्य स्थानों पर स्ट्रीट वेंडर्स को कारोबार नहीं करने दिया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। ।
प्रदर्शन करने वालों में लालचंद गुप्ता, भोला यादव, नरसिंह, धर्मपाल, कपिल कुमार, मुरारीलाल सहित अनेक लघु व्यापारी शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
