रांची, 10 फ़रवरी (हि.स.)। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) रबीन्द्र नाथ महतो ने मंगलवार को नेशनल ई-विधान एप्लिकेशन (एनईवाए) के संचालन को लेकर विधानसभा सभा वेश्म में लगाए गए डिजिटल उपकरणों का जायजा लिया।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंंत सोरेन की ओर से झारखंड विधानसभा में एनईवाए सेवा केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन के बाद सेंट्रल हॉल में मंत्री और सदस्यों को एनईवाए से जुड़ी तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान विधायी कार्यों के संचालन के लिए सदस्यों को कंप्यूटर टैबलेट उपलब्ध कराए जाएंगे।

विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी सदस्यों को प्रशिक्षण में भाग लेने की सूचना जारी की गई है। एनईवाए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से प्रश्नोत्तर, कार्यसूची, विधेयक, प्रस्ताव और ध्यानाकर्षण सहित विभिन्न विधायी कार्यों का पेपरलेस संचालन संभव होगा।
साथ ही सदन की कार्यवाहियों और समितियों के प्रतिवेदनों का डिजिटल अभिलेख भी तैयार किया जा सकेगा।
आगामी बजट सत्र से विधानसभा की कार्यवाही आंशिक रूप से एनईवाए के माध्यम से संचालित किए जाने की योजना है।
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित सभी मंत्री सहित अन्य विधानसभा के सदस्य आमंत्रित किए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
