जयपुर, 26 जनवरी (हि.स.)। जयपुर शहर में पुलिस कमिश्नरेट की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) जयपुर पूर्व एवं थाना जामडोली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ स्मैक तथा अवैध हथकड़ शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थ एवं अवैध शराब जब्त की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम एवं संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान 24 से 28 जनवरी तक चलाया जा रहा है। जिसके चलते जामडोली थाना पुलिस और डीएसटी पूर्व ने स्मैक तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए योगेश कुमार सांसी (33) निवासी फतेहपुर सीकरी जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) हाल जामडोली, जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 ग्राम 51 मिलीग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई अवैध हथकड़ शराब जब्ती की है। जहां पुलिस ने चिरंजीलाल मीणा (65)
निवासी जामडोली आगरा रोड जयपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई में जिला विशेष टीम जयपुर पूर्व एवं थाना जामडोली की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ एवं आगे की जांच जारी है।
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार में लिप्त तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
