देहरादून, 24 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड में स्वदेशी संकल्प यात्रा का शनिवार को भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा लखनऊ से शुरू होकर 40 जिलों और लगभग 3,000 किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर देहरादून पहुंची।

प्रिंस चौक पर विधायक खजान दास ने यात्रा का स्वागत किया और भगवा ध्वज दिखाकर इसे हरिद्वार के लिए रवाना किया। यात्रा के आगमन पर उत्तराखंड के नारसन बॉर्डर रोड और शहर के विभिन्न स्थलों पर स्वागत समारोह आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उत्तराखंड के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय कुमार ने कहा कि यह एक राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और आत्मनिर्भरता के संकल्प को फैलाना है।
प्रांत सह संयोजक गौरव कुमार ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत में उदारीकरण के दौर में स्वदेशी उद्योगों और आर्थिक संप्रभुता की रक्षा करना है।
स्वदेशी जागरण मंच पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संयोजक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा कि यह पहल लोगों की स्वदेशी के प्रति धारणा बदलने और नीति निर्माताओं को आर्थिक मुद्दों पर स्वदेशी की अहमियत समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अजय आनंद (प्रांत समन्वयक, काशी प्रांत), डॉ. आनंद (प्रांत प्रचार प्रमुख), अवतार, जितेंद्र प्रवीण अग्निहोत्री, रामकुमार, सुभाष गुप्ता (उद्योगपति, मुंबई) और गौरव कुमार (सह प्रांत संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच, प्रांत पूर्णकालिक) उपस्थित रहे।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
