जोधपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। कमिश्नरेट की करवड़ पुलिस ने हत्या के सात माह पुराने मामले में फरार चल रहे एक अभियुक्त को रविवार को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में दो आरोपित पूर्व में गिरफ्तार किए गए थे। अब तक तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए है। इनके चौथे साथी की तलाश जारी है। घटना गत साल 22 जुलाई की है।

थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि माणकलाव निवासी पप्पूराम पुत्र नैनाराम जाट और जवाहर नगर पीडियाल भोजासर के दिनेश पुत्र पेमाराम विश्रोई की तरफ से गत साल 22 जुलाई को संयुक्त रिपोर्ट दी गई थी। इसमें बताया कि वे लोग अपनी बोलेरो कैंपर से माणकलाव से आ रहे थे। उनके साथ में माणकलाव का मुकेश पुत्र भल्लाराम जाट आदि सवार थे। यह लोग जब माणकलाव की सरहद में पहुंचे तब आरोपितों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी थी। जिससे गाड़ी पलट गई और मुकेश जाट की नीचे दबने से मौत हो गई। इस पर हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था।

थानाधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि प्रकरण में वांछित मुल्जिम जवाहर नगर पडियालनाडा भोजासर निवासी मांगीलाल पुत्र मानराम को अब गिरफ्तार किया गया है। इनके चौथे साथी की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
