भागलपुर, 28 जनवरी (हि.स.)। जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में बीते 23 जनवरी को मध्य विद्यालय कंझिया में 12 वीं के छात्र शिवराज कुमार के हत्या मामले की जांच के लिए बुधवार को प्रशिक्षु डीएसपी प्रेरणा कुमारी, मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष सफदर अली के साथ स्कूल पहुंची।

इस दौरान उन्होंने स्कूल प्रशासक को आश्वस्त किया कि आप लोग निडरता से बच्चों को पढ़ाए लिखाईए, किसी प्रकार का परेशानी नहीं होगी। अगर कोई असमाजिक तत्व या अपराधी किसी प्रकार की गलत गतिविधि में नजर आए तो अपने मोबाइल में उसकी तस्वीर कैद कीजिए और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दीजिए।

मध्य विद्यालय कंझिया के प्राचार्य सुधांशु शेखर तिवारी ने बताया कि तीन साल पूर्व कुछ लड़के स्कूल के पुराने भवन में बैठकर ब्राउन शुगर पी रहे थे। जब मैं वहां उन लोगों को मना करने के लिए पहुंचा तो उन लोगों ने हथियार दिखाते हुए कहा चलो निकलो। मैं वहां से तुरंत हट गया और इसकी शिकायत स्थानीय जनप्रतिनिधि और पुलिस से किए। उस समय जांच हुई तो कहा गया हथियार दिखाने वाला किसी दूसरे जगह का था। इसके बाद बात खत्म हो गई। पुलिस जांच के लिए भी आई थी लेकिन पुलिस को देखते ही असमाजिक तत्व फरार हो जाते हैं और जाने के बाद फिर से जमावड़ा लगा देते हैं। स्कूल परिसर का अपना चारदीवारी नहीं है। चारों तरफ से स्कूल में प्रवेश करने का रास्ता है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम नहीं है। विभाग को भी कई बार चार दिवारी के लिए लिखा गया है। लेकिन अब तक निर्माण नहीं हो पाया है।
उल्लेखनीय है कि बीते 23 जनवरी की शाम साढ़े चार बजे सरस्वती पूजा देखने पहुंचे मध्य विद्यालय कंझिया में 12 वीं के छात्र शिवराज कुमार का उसके ही सहपाठी ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। आरोपित अब तक पुलिस के गिरफ्त से दूर है। इधर घटना के बाद स्कूल प्रशासक में डर बना हुआ है। प्राचार्य, शिक्षक और शिक्षकाएं सभी अब तक दहशत में हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर
