

सीतापुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। हरगांव स्थित सूर्यकुंड तीर्थ स्थल के हनुमान मंदिर से हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर बृहस्पतिवार दोपहर बाद एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालु पैदल चलकर लखीमपुर खीरी के ओयल गुलेरी पुरवा स्थित हनुमान मंदिर के लिए रवाना हुए।

सुबह शोभायात्रा शुरू होने से पहले पंडित हिमांशु अवस्थी ने हनुमान जी महाराज की मूर्ति का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। यात्रा में गौरीशंकर बाबा, बालाजी महाराज, रामदरबार और राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा में नगर और ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
अवध शुगर मिल के सामने अधिशासी अध्यक्ष एके दीक्षित ने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव पर निकली यह शोभायात्रा अयोध्या जैसा आध्यात्मिक वातावरण प्रस्तुत कर रही है।
वहीं अंतरराष्ट्रीय कथावाचक महंत सुरेश दास ने कहा कि कलियुग में हनुमान जी ही ऐसे देवता हैं, जो श्रीराम के स्मरण मात्र से भक्तों की सहायता करते हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई थी।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष गफ्फार खान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ममता वर्मा सहित नीरज भार्गव, उदित बाजपेई, सुनील मिश्रा, अरुणेश त्रिपाठी, सिम्मू मिश्रा, अशोक मिश्रा, दिनेश मिश्रा, कप्तान सिंह समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।
शोभायात्रा के दौरान बुलडोजर पर बनी झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही वहीं सीतापुर जनपद के नगरीय इलाकों में भी हनुमान मंदिरों में देर शाम तक भजन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही नगर के बड़े हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं का देश शाम तक भी आना जारी रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
