कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के ‘शिक्षा विभाग’ द्वारा मंगलवार को भारतीय पर्व परंपरा में पर्यावरण संरक्षण’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्थापना दिवस समारोह सप्ताह के अंतर्गत आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में किया गया।

कार्यक्रम के शुभारंभ में विभागाध्यक्षा डॉ तनुजा भट्ट ने कहा कि हमारे पर्व हमारी संस्कृति के वाहक हैं। जितने उल्लास के साथ हम अपने पर्वों का आयोजित करते हैं उतना ही अधिक हम अपनी संस्कृति से जुड़ते चले जाते हैं। भाषण प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

प्रथम स्थान देवांश को मिला जबकि अर्श आलम व सुनयना सिंह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और मयंक द्विवेदी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। निर्णायक मंडल के सदस्यों के रूप में डॉ बीएन मिश्रा तथा डॉ कल्पना अग्निहोत्री उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन डॉ रत्नर्त्तु: मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ गोपाल सिंह, डॉ प्रियंका मौर्या, प्रिया तिवारी, डॉ शिवचरण पटेल, डॉ राम प्रकाश सैनी आदि विभाग के समस्त शिक्षक उपस्थित रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
