कालाबाजारी के लिए रखे दर्जनों गैस सिलेंडर जब्त

हमीरपुर, 21 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में जिला पूर्ति अधिकारी ने इंस्पेक्टरों की टीम साथ गैस एजेंसी में छापेमारी की। छापेमारी में सैकड़ों गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। टीम ने प्रिटिंग प्रेस और स्टूडियो के साथ एक घर में भी छापेमारी कर दर्जनों गैस सिलेंडर जब्त किए है। गैस एजेंसी के मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई ळें
हमीरपुर जिले में गैस की कमी के बीच हमीरपुर जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में इंडेन गैस एजेंसी की शिकायतें मिलने पर जिला पूर्ति विभाग एक्शन मोड में आ गया। जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश शुक्ला ने मुख्यालय इंस्पेक्टर अभय उपाध्याय, मुस्करा इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार के साथ इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी में छापेमारी की। एजेंसी के गोदाम में स्टाक रजिस्टर खंगालने पर 247 गैस सिलेंडरों की हेराफेरी किए जाने का मामला सामने आया।
जिला मुख्यालय के इंस्पेक्टर अभय उपाध्याय ने शनिवार को शाम बताया कि गैस एजेंसी के अलावा इमिलिया में बस स्टाप के निकट प्रांशी स्टूडियो, कृष्णा प्रिटिंग प्रेस में छापेमारी कर तमाम गैस सिलेंडर, तीस रेगुलेटर व पैंतीस गैस चूल्हे के पाइप जब्त किए गए है। प्रिटिंग प्रेस के पास ही एक रिहायशी घर से छापेमारी में दस गैस सिलेंडर बरामद जब्त किए गए है। इंडेन ग्रामीण गैस एजेंसी के संचालक राकेश कुमार व मैनेजर अनिल कुमार समेत पांच लोगों के खिलाफ मुस्करा थाने में एफआईआर लिखाई गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
