हरिद्वार, 12 मार्च (हि.स.)। शहर में लगातार बढ़ते वाहनों और बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए हरिद्वार पुलिस ने नई पहल शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने संभावित पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

गुरुवार को एसपी ट्रैफिक निशा यादव ने यातायात पुलिस एवं सीपीयू टीम के साथ रानीपुर मोड़, ज्वालापुर मार्केट और शिवालिक नगर क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए दुपहिया और चौपहिया छोटे वाहनों की पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थानों का चिन्हीकरण किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के लोगों से भी बातचीत की गई तथा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सुझाव लिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बाजार क्षेत्रों में अव्यवस्थित पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
एसपी ट्रैफिक निशा यादव ने कहा कि शहर में सुगम आवागमन सुनिश्चित करना और नागरिकों को बेहतर पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए संभावित पार्किंग स्थलों का चयन कर भविष्य में व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
हरिद्वार पुलिस की इस पहल का मुख्य उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में लगने वाले जाम को कम करना और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाना है। इसके साथ ही आम लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक पार्किंग की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में चिन्हित किए गए स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था को विकसित करने के लिए संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
