चंडीगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कोटक महिंद्रा घोटाले पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार में विकास का बेशक एक भी काम न होता हो, लेकिन रोज नए-नए घोटाले जरूर होते हैं। भूपेंद्र हुड्डा ने पंचकूला नगर निगम में सामने आए 160 करोड़ रुपये के घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए बुधवार को हुड्डा ने कहा कि यहां फर्जी एफडी कागजात जमा कर जनता के करोड़ों रुपये चट कर दिए गए। इतना बड़ा घोटाला सरकारी मिलीभगत के बिना संभव ही नहीं है।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में इससे पहले भी अनगिनत घोटाले हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि 590 करोड़ के आईडीएफसी घोटाले के बाद अब पंचकूला नगर निगम में भी ऐसा ही घोटाला सामने आया है। हुड्डा ने जोर देकर कहा कि इन सभी घोटालों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि जनता के पैसे की लूट रुके और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा
