मालदा, 01 अप्रैल (हि. स.)। जिले के हरिश्चंद्रपुर के दौलतपुर इलाके में वोटर लिस्ट में नाम नहीं आने को लेकर बुधवार को भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सुबह से शुरू हुआ यह आंदोलन खबर लिखे जाने तक जारी रहा, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने और सुनवाई में शामिल होने के बावजूद उनका नाम सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट में शामिल नहीं किया गया। इसके कारण वे आगामी चुनाव में मतदान से वंचित रह सकते है। नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया। हाथों में तिरंगा लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उन्हें उच्च अधिकारियों से स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे आंदोलन जारी रखेंगे।
स्थानीय निवासियों का दावा है कि वे पीढ़ियों से इस क्षेत्र में रह रहे हैं और उनके पास सभी वैध पहचान पत्र मौजूद है। इसके बावजूद नाम सूची से गायब होना प्रशासन की बड़ी लापरवाही है। उन्होंने तुरंत नाम जोड़ने की मांग की है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
