जम्मू, 24 जनवरी (हि.स.)। पूर्णिमा शर्मा भाजपा प्रवक्ता और पूर्व उप महापौर ने काठुआ मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी को सफलतापूर्वक मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की जमकर सराहना की और इसे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता और राष्ट्र के शत्रुओं के लिए एक स्पष्ट चेतावनी बताया।

अपने बयान में पूर्णिमा शर्मा ने कहा कि सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस सहित सुरक्षा बलों की त्वरित और निर्णायक कार्रवाई उनकी उच्च स्तरीय तत्परता, समन्वय और राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कठुआ ऑपरेशन एक बार फिर साबित करता है कि सुरक्षा बल चौबीसों घंटे सतर्क रहते हैं और किसी भी आतंकी खतरे को बेअसर करने में पूरी तरह सक्षम हैं।
उन्होंने आतंकवाद को बढ़ावा देने की पाकिस्तान की नीति की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हर साल विशेषकर गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस के आसपास, पाकिस्तान जानबूझकर आतंकवादियों को जम्मू-कश्मीर में भेजकर शांति भंग करने और निर्दोष नागरिकों में भय पैदा करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा, ये बार-बार किए जाने वाले प्रयास स्पष्ट रूप से पाकिस्तान की हताशा और क्षेत्र में शांति, स्थिरता और लोकतांत्रिक मजबूती को स्वीकार करने में उसकी असमर्थता को दर्शाते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता
