धनबाद, 12 जनवरी (हि.स.)। जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत डीएसपी कार्यालय के समक्ष स्थित चर्च के पास सोमवार को सड़क हादसे में बीसीसीएल कर्मी की मौत हो गई। मोदीडीह कोलियरी के डी-12/14 नंबर कोल डंप की ओर जा रहे हाइवा (संख्या जेएच 10 सिवाई-5281) की चपेट में आने से लालटेन, अंगारपथरा निवासी 52 वर्षीय पोखन भुइंया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने नियोजन और मुआवजे की मांग को लेकर कतरास-धनबाद मुख्य मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम रखा। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वहीं, सूचना मिलने पर जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार, लोयाबाद थाना प्रभारी पीकू प्रसाद, तेतुलमारी पुलिस सहित अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
मृतक के पुत्र संदीप कुमार भुइंया ने बताया कि नया मोड़ जाने के दौरान उन्होंने अपने पिता को सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
