मीरजापुर, 09 फ़रवरी (हि.स.)। अदलहाट थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गरौड़ी गांव के पास युवक ने सड़क किनारे खड़े एक हाइवा को देखकर बाइक की ब्रेक लगाई, जिससे उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गिर पड़ा। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर अदलहाट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को मृतक के दो मोबाइल फोन और उसके बैग से कुछ कागजात मिले हैं।

प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने बताया कि इन कागजातों के आधार पर मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
