धमतरी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। शहरवासियों के लिए बहुप्रतीक्षित हाईटेक बस स्टैंड निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। आज बुधवार को राजस्व विभाग के आरआई एवं पटवारी द्वारा स्थल पर पहुंचकर प्रस्तावित बस स्टैंड क्षेत्र का अंतिम सीमांकन किया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर भूमि की सीमाओं को स्पष्ट रूप से चिन्हांकित किया तथा नियमानुसार सीमाएं निर्धारित कर संबंधित विभाग को कब्जा प्रदान किया।

सीमांकन प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही अब निर्माण कार्य प्रारंभ करने का मार्ग पूरी तरह प्रशस्त हो गया है। संबंधित ठेकेदार को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्वाइल (मिट्टी) टेस्टिंग कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि भूमि की क्षमता एवं संरचनात्मक मजबूती का परीक्षण कर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य किया जा सके।

नगरवासियों को लंबे समय से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बस स्टैंड की प्रतीक्षा थी। प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में विशाल यात्री प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल की सुविधा, आधुनिक शौचालय, पार्किंग व्यवस्था, टिकट काउंटर सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलेगी, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधा प्राप्त होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
