धमतरी, 06 फ़रवरी (हि.स.)।शादी कार्यक्रम से होकर लौट रहे एक बाइक सवार का हाईवा से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा में बाइक सवार एक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले की जांच में पुलिस जुट गई है।

शव को कब्जे में लेकर दूसरे दिन शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को शव सौंप दिया गया। इधर पुलिस ने आरोपित हाईवा चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को ग्राम संकरी निवासी रमेश साहू 52 वर्ष पुत्र स्वर्गीय घासीराम साहू अपने बाइक से गांव के अन्य साथी बिसेलाल साहू और दौवाराम साहू के साथ भखारा में रिश्तेदार के घर आयोजित शादी कार्यकम में शामिल होने गए थे। यहां से खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे वापस घर लौट रहे थे, तभी ग्राम भाठागांव-भखारा मार्ग में बंजारीभाठा से कुछ दूर थूहा नाला मोड़ के पास बाइक व हाईवा में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। घटना में बाइक चालक रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे बिसेलाल और दौवाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। बिसेलाल को प्राथमिक उपचार के बाद धमतरी रिफर किया गया है। घटना की सूचना पर कुरूद पुलिस मौके पर पहुंची।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
