हावड़ा, 24 मार्च (हि. स.)। हावड़ा पुलिस आयुक्तालय के खुफिया विभाग की एआरएस नॉर्थ टीम ने छापेमारी कर अवैध सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ किया है।

मंगलवार को पुलिस ने बताया कि पुलिस टीम ने आनंदनगर स्थित एक आवास पर छापा मारकर आनंद पाल (52) तथा मानस पाल (33) को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से 12 हजार 200 रुपये नकद, कई सट्टा पैड, एक कैलकुलेटर तथा कुछ रजिस्टर बरामद किए गए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से इस अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त हैं। उन्होंने खुलासा किया कि अभिजीत पाल उर्फ “छोट्टू” इस अवैध गतिविधि का मुख्य संचालक है, जो इनके माध्यम से पूरे नेटवर्क का संचालन करता है।
इस संबंध में निशिंदा थाना में आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) तथा पश्चिम बंगाल जुआ एवं पुरस्कार प्रतियोगिता अधिनियम की धारा 3/4 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
