कोलकाता, 12 मार्च (हि. स.)। हावड़ा में एक सिविक वॉलंटियर को एक किशोरी से कथित छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, घटना बुधवार को हावड़ा ग्रामीण पुलिस जिले के अमता इलाके में हुई। घटना के बाद आरोपित सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि लड़की मंगलवार रात अपनी मां के साथ अमता में काली पूजा के एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। उस कार्यक्रम में पेनरो थाना से जुड़े एक सिविक वॉलंटियर भी मौजूद थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उसने नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा मच गया और कई स्थानीय लोग वहां इकट्ठा हो गए। बताया जा रहा है कि घटना के इलाके में फैलने के बाद लड़की खुद को अपमानित महसूस कर रही थी। घर लौटते समय लड़की ने अपनी मां को पूरी घटना के बारे में बताया। बाद में रात में उसने खाना खाया और सोने चली गई। बुधवार सुबह परिवार के लोगों ने उसे घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया।
लड़की की मौत की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और आरोपित सिविक वॉलंटियर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। रात में पीड़िता के परिवार की ओर से पेनरो थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
उसके खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (पॉक्सो) एक्ट, 2012 के तहत और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
हावड़ा ग्रामीण पुलिस जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नाबालिग के परिवार की शिकायत के आधार पर सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार किया गया है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
