हावड़ा, 11 फरवरी (हि. स.)। हावड़ा जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डाउन पुरुलिया–हावड़ा एक्सप्रेस से चोरी हुआ एचपी लैपटॉप बरामद कर लिया है। इस मामले में एक रेलवे हॉकर को गिरफ्तार किया गया है।

जीआरपी एसआरपी आईपीएस इंद्रजीत बसु ने बुधवार सुबह बताया कि नौ फरवरी को डॉ. सरिता आनंद ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि डाउन पुरुलिया–हावड़ा एक्सप्रेस के कोच सी-1 से उनका बैग चोरी हो गया था। बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप और अन्य सामान मौजूद था।

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान संदेह के आधार पर तपन चक्रवर्ती (45) नामक एक रेलवे हॉकर को हावड़ा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपित के रिषड़ा स्थित घर पर तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान चोरी गया एचपी लैपटॉप सहित अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया गया।
अदालत के आदेश के बाद जब्त सामान, जिसमें एचपी लैपटॉप भी शामिल है, उसकी वैध मालकिन डॉ. सरिता आनंद को लौटा दिया गया। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट डॉ. आनंद ने पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
