सिलीगुड़ी, 13 मार्च (हि. स.)। सेवक रोड पर हुए हिट एंड रन मामले में गिरफ्तार आरोपित देबांग्शु पाल चौधरी को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी अदालत के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले सेवक रोड पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से पानीटंकी निवासी शंकर छेत्री की मौत हो गई थी, जबकि एक युवती घायल हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने घटना के चार दिन बाद आरोपित कार चालक देबांग्शु पाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। अदालत ने पहले उसे पुलिस हिरासत और बाद में न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। शुक्रवार को आरोपित अदालत में पेश होने से पहले मृतक के परिजन और पड़ोसियों ने अदालत गेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने आरोपित की तस्वीर लेकर नारेबाजी की और उसे कड़ी से कड़ी सज़ा देने की मांग की। स्थिति को देखते हुए सुबह से ही अदालत परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
