जोधपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। श्रीराम बस्ती जोधपुर सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में आयोजित विशाल हिन्दू सम्मेलन आज रामनगर, बालाजी मार्ग स्थित कार्यक्रम स्थल पर अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन हिन्दू जागरण, सनातन संस्कृति एवं सामाजिक एकता के उद्देश्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाजजन उपस्थित रहे।

इस भव्य आयोजन का नेतृत्व आयोजन समिति द्वारा किया गया, जिसमें संयोजक ललित, सह-संयोजक जुगल, कोष प्रमुख मग्गाराम एवं सह-कोष प्रमुख झमनदास की विशेष भूमिका रही।

कार्यक्रम के दौरान जोधपुर महानगर के विद्यार्थी कार्य प्रचारक ओमप्रकाश का प्रेरणादायी उद्बोधन हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में पंच परिवर्तन विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन, संस्कार, स्वावलंबन और राष्ट्रभावना के महत्व को रेखांकित किया।
अक्षरधाम एवं रामद्वारा से आए संत महात्मा ने अपने उद्बोधन में हिन्दू संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं भारतीय जीवन मूल्यों पर सारगर्भित विचार रखे, जिसे उपस्थित जनसमूह ने गहरी श्रद्धा और उत्साह के साथ सुना। इस आयोजन ने समाज में नई ऊर्जा, चेतना और एकता का संदेश दिया तथा हिन्दू समाज को संगठित होकर सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए आगे बढऩे की प्रेरणा दी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
