शिमला, 11 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य में कहीं भी बर्फबारी की संभावना नहीं है। हालांकि मैदानी और निचले इलाकों में सुबह-शाम घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। बुधवार सुबह शिमला और मनाली सहित कई पहाड़ी क्षेत्रों में दिन की शुरुआत साफ धूप के साथ हुई, जबकि कुछ मैदानी जिलों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक बिलासपुर में घने कोहरे से दृश्यता लगभग 50 मीटर तक दर्ज की गई। मंडी में दृश्यता करीब 100 मीटर रही। विभाग ने अगले 24 घण्टों में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

इस बीच प्रदेश में ठंड का असर अभी भी बरकरार है। खासकर जनजातीय जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है और तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। लाहौल स्पीति जिला के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में पारा माइनस 5.7 डिग्री और कल्पा में माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इन क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन अधिक महसूस की जा रही है।
अन्य स्थानों की बात करें तो शिमला में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री, सुंदरनगर में 4.8 डिग्री, भुंतर में 4.4 डिग्री, धर्मशाला में 6.6 डिग्री, ऊना में 7.7 डिग्री, नाहन में 9.3 डिग्री, पालमपुर में 7.0 डिग्री और सोलन में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली में तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कांगड़ा में 7.2 डिग्री और मंडी में 6.1 डिग्री दर्ज किया गया।
इसी तरह बिलासपुर में 7.0 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 8.6 डिग्री, सियोबाग में 3.3 डिग्री, बरठीं में 4.6 डिग्री, कसौली में 8.5 डिग्री, पांवटा साहिब में 10.0 डिग्री, सराहन में 4.3 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 9.0 डिग्री और नेरी में 11.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं है। इसलिए 17 फरवरी तक अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि सुबह-शाम ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा, जबकि दिन में धूप खिलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
