शिमला, 12 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट ली है और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में ताजा हिमपात का दौर शुरू हो गया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। ताजा हिमपात के कारण लाहौल-स्पीति में प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मनाली-लेह सड़क को जिस्पा से आगे वाहनों के लिए बंद कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि बर्फबारी और फिसलन के कारण सड़क पर आवाजाही फिलहाल सुरक्षित नहीं है।

राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में गुरुवार सुबह से बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग के मुताबिक कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है और बिजली कड़कने की भी आशंका है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। शिमला में अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 8 डिग्री अधिक है। सुंदरनगर में तापमान 12.6 डिग्री, भुंतर में 13.0 डिग्री और कल्पा में 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। धर्मशाला में 11.5 डिग्री और ऊना में 14.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि नाहन में 17.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कुल्लू जिले के मनाली में तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा। कांगड़ा में 16.2 डिग्री और पालमपुर में 16.0 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंडी में 13.3 डिग्री, बिलासपुर में 15.5 डिग्री और सोलन में 11.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। जुब्बड़हट्टी में 15.6 डिग्री, कुफरी में 10.5 डिग्री, कुकुमसेरी में 2.0 डिग्री और ताबो में 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कसौली में 17.2 डिग्री, पांवटा साहिब में 17.0 डिग्री, सराहन में 9.0 डिग्री और देहरा गोपीपुर में 16.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक केलांग में 4 मिलीमीटर, कुकुमसेरी में 1.3 मिलीमीटर, जोत में 1 मिलीमीटर और कांगड़ा में 0.3 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि पालमपुर और धर्मशाला में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि 13 मार्च को राज्य में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 13 और 14 मार्च को कुछ क्षेत्रों में लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 15 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है तथा इसके असर से मौसम फिर बदल सकता है।
विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है। वहीं 17 और 18 मार्च को भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, हालांकि इन दिनों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
