शिमला, 13 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर पैदा हो रही चिंताओं के बीच राज्य के मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने कहा है कि फिलहाल प्रदेश में स्थिति आउट ऑफ कंट्रोल नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और गैस आपूर्ति को लेकर जिलों से नियमित जानकारी ली जा रही है।

दरअसल, ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोलियम उत्पादों और प्राकृतिक गैस के व्यापार पर असर पड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। इसका प्रभाव कई देशों के साथ-साथ भारत में भी देखने को मिल रहा है। इसी पृष्ठभूमि में हिमाचल प्रदेश में गैस की उपलब्धता को लेकर भी चर्चा तेज हुई है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश सरकार स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों के उपायुक्तों, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गैस आपूर्ति से जुड़े ताजा हालात की नियमित जानकारी राज्य सरकार को देते रहें।
मुख्य सचिव ने कहा कि एलपीजी आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार भी पूरी तरह गंभीर है और पेट्रोलियम मंत्रालय इस मामले पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्रीय गृह सचिव की ओर से देश के सभी राज्यों के मुख्य सचिवों के साथ एक बैठक भी की गई, जिसमें गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि एलपीजी गैस की आपूर्ति का प्रबंधन मुख्य रूप से केंद्र सरकार के अधीन आता है। केंद्र सरकार ने घरेलू उपयोग में आने वाली एलपीजी गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी है ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्य सचिव ने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार के पास कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का भी कुछ स्टॉक उपलब्ध है। ऐसे सिलेंडरों को होटल उद्योग और फूड इंडस्ट्री से जुड़े कारोबारियों तक पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित न हों।
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार दोनों स्तर पर पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में गैस की आपूर्ति सामान्य बनी रहे और लोगों को किसी तरह की दिक्कत न आए।
मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि कहीं किसी तरह की समस्या सामने आती है तो सरकार तुरंत कदम उठाएगी और आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
