शिमला, 02 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम खराब बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में 8 अप्रैल तक बादल छाए रहने, कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि, आंधी और ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान जताया है। विभाग ने इस अवधि के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। खासतौर पर 3 और 4 अप्रैल को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के अन्य 10 जिलों में आंधी चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इन दो दिनों के लिए कई क्षेत्रों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 5, 6, 7 और 8 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है और इन दिनों के लिए भी आंधी और बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों, खासतौर पर लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। पिछले दिनों भी इन क्षेत्रों में बर्फबारी हुई थी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी और ठंड का असर बढ़ गया था।
यदि इस विंटर सीजन की बात करें तो दिसंबर और जनवरी का अधिकतर समय सूखा रहा था। 22 जनवरी को सीजन की पहली भारी बर्फबारी हुई थी, लेकिन इसके बाद फरवरी में भी अपेक्षाकृत कम बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। मार्च का आधा महीना भी सूखा रहा, हालांकि 18 मार्च के बाद मौसम में बदलाव आया और कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
इस बीच शनिवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो शिमला में 11.6 डिग्री, सुंदरनगर में 13.1 डिग्री, भुंतर में 11.5 डिग्री, कल्पा में 5 डिग्री, धर्मशाला में 6.5 डिग्री, उना में 15.4 डिग्री, नाहन में 14.5 डिग्री, सोलन में 12 डिग्री और मनाली में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वालों और यात्रियों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा
