हिसार, 21 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के

प्रदेश कार्यालय प्रभारी वीरेंद्र नरवाल ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी
की आलोचना की है। कहा कि पहले भाजपा सरकार ने घरेलू रसोई गैस के दामों में 60 रुपए
की बढ़ोतरी कर आम आदमी को महंगाई का जोर का झटका देने का काम किया और अब प्रीमियम पेट्रोल
के दामों में दो रुपए से अधिक की बढ़ोतरी कर बोझ को बढ़ाने का काम किया है।
वीरेंद्र नरवाल ने शनिवार काे कहा कि अच्छे दिनों का सपना
दिखाकर सत्ता हासिल करने वाली भाजपा सरकार ने आम जनता को धोखा देने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पेट्रोल व डीजल के दाम बाजार पर आधारित करने का काम
किया और उस समय कहा था कि जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में दाम कम होंगे तो उसका सीधा लाभ
जनता को दिया जाएगा। पिछले दस सालों में जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल के दामों
में कमी आई तो उसका लाभ जनता को नहीं दिया और अपना खजाना भरने का काम किया। वहीं दाम
बढऩे पर उसका सीधा भार आम जनता पर डालने का काम किया।
वीरेन्द्र नरवाल ने कहा कि अभी सरकार ने प्रीमियम
पेट्रोल के दाम बढ़ाने का काम किया है। जल्द ही सामान्य पेट्रोल और डीजल के दामों में
भी बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पांच राज्यों में मतदान का इंतजार कर रही
है। पांच राज्यों में मतदान होते ही तेल के दामों में भारी भरकम बढ़ोतरी करने की तैयारी
की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम आदमी को धर्म, जातिवाद के नाम बांटने
का काम कर रही है ताकि वो महंगाई, बेरोजगारी जैसी अहम समस्याओं पर ध्यान ना दे पाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
