शुरू से एक साथ पढ़ी दोनों बहनें, पीएचडी के

लिए पढ़ना पड़ा अलग

हिसार, 07 फरवरी (हि.स.)। जिले के आदमपुर क्षेत्र
के गांव सदलपुर की रहने वाली जुड़वां बहनों पुष्पा व पूनम का असिस्टेंट प्रोफेसर के
पद पर चयन हुआ है। दोनों बहनें हरियाणा पब्लिक सर्विस कमिशन की परीक्षा में टॉप-5 में
रही हैं। इस परीक्षा में बड़ी बहन पुष्पा ने पहला और छोटी बहन पूनम ने पांचवां स्थान
हासिल किया है। लगभग 26 साल की दोनों बेटियों की इस उपलब्धि पर परिजनों व प्रशंसकों
ने खुशी जताई है।
सदलपुर गांव की ये दोनों बहनें नर्सरी से लेकर
पोस्ट ग्रेजुएशन तक एक ही क्लास में पढ़ी हैं। अब पीएचडी के लिए दोनों बहनों को अलग-अलग
विश्वविद्यालय में जाना पड़ा। तीन सेकेंड बड़ी पुष्पा कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से गाइड
डॉ. महासिंह पूनिया और पूनम महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से डॉ. कृष्णा जून गाइड के
मार्गदर्शन में पीएचडी कर रही हैं। इनके भाई आशीष भी हमेशा पढ़ाई में अव्वल रहे है।
उन्होंने 23 साल की उम्र में 15 नौकरियों के एग्जाम क्रैक किए। वर्तमान में वे जम्मू
में आईएफएस अधिकारी है।
दोनों बेटियों के पिता हंसराज खीचड़ शिक्षा विभाग
में असिस्टेट ब्लॉक रिसार्स कॉर्डिनेटर के पद पर हिसार में कार्यरत हैं। हंसराज ने
शनिवार काे बताया कि उन्होंने जी तोड़ मेहनत कर बच्चों को पढ़ाया है। सरकारी नौकरी लगने से पहले
उन्होंने एलआईसी के बीमा तक किए हैं। पिता का बचपन में ही साया उठ गया था। ऐसे में
यहां तक पहुंचने की राह बेहद कठिन रही है।
नेट-जेआरएफ की परीक्षा में भी टॉपर रही
पिता हंसराज खीचड़ ने बताया कि बेटियां शुरू से
ही होनहार रही हैं। मंडी आदमपुर के व्यापार मंडल विश्वास स्कूल से बेटियां पढ़ी हैं।
इसके बाद आदमपुर के एफजीएम कॉलेज से बीए और जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी दिल्ली से
हिंदी में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। पिता ने बताया कि स्कूल टाइम में
दोनों बेटियों ने भारत जानो प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर में प्रथम स्थान हासिल
किया था। बोर्ड की परीक्षा में बारहवी कक्षा में पूनम पहले और पुष्पा स्कूल में तीसरे
स्थान पर रही थी। इतना ही नहीं नेट-जेआरएफ परीक्षा में बड़ी बेटी पुष्पा ने 2025 में
ऑल इंडिया में पहला स्थान और पूनम ने छठा स्थान हासिल किया था।
भाई ने 23 साल की उम्र में 15 नौकरियां की क्रैक
पिता हंसराज ने बताया कि दोनों बहनों के भाई
आशीष बिश्नोई ने दो बार यूपीएसई का एग्जाम पास किया है। वह अभी जम्मू में आईएफएस अधिकारी
है। आशीष ने 23 साल की उम्र में 15 नौकरियां क्रैक की हैं। आशीष बिश्नोई असिस्टेट कमांडेंड,
आईबी, भारतीय रेलवे टेक्नीकल पद, हरियाणा सब इंस्पेक्टर, एसएसई सीजीएल, सीडीएस की परीक्षा
पास कर चुका है और एनडीए भी 5 क्लीयर कर चुका है। मगर किसी भी पद के लिए डॉक्यूमेंट
वेरिफिकेशन नहीं करवाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
