कारपेंटर का काम करके परिवार भी पाला और निशा

को इस योग्य बनाया पिता ने

हिसार, 16 फरवरी (हि.स.)। जिले के गांव डोभी
में साधारण परिवार की बेटी निशा ने इतिहास विषय में प्रोफेसर की नौकरी पाई है। उसके
पिता कारपेंटर है और निशा ने अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल करके दूसरों के लिए
प्रेरिणा प्रस्तुत की है।
निशा का परिवार बिल्कुल साधारण है और उसके पिता
बलविंद्र कारपेंटर का काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद
उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। इसी संघर्ष और त्याग का परिणाम
है कि निशा ने इतनी कम उम्र में गजेटेड ऑफिसर का पद हासिल किया है।
परिवार की यह पहली
बड़ी सफलता नहीं है। कुछ समय पहले निशा के भाई सचिन ने एक ही साल में पांच सरकारी नौकरियां
हासिल कर क्षेत्र में रिकॉर्ड बनाया था। भाई की इस ऐतिहासिक सफलता के बाद अब बहन ने
भी हायर एजुकेशन में यह मुकाम हासिल कर परिवार का नाम रोशन किया है। निशा की यह उपलब्धि उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा
है, जो साधारण परिवारों से आते हुए भी बड़े सपने देखती हैं। डोभी गांव के लोगों का
कहना है कि इन दोनों भाई-बहन ने यह साबित कर दिया है कि असली पहचान मेहनत और लगन से
बनती है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
