बैक टू बैक स्नैचिंग करने वाले आरोपीयों को सीआईए

वन व पीएलए चौकी ने दबोचा
हिसार, 12 मार्च (हि.स.)। सीआईए वन टीम ने स्नैचिंग
की लगातार दो घटनाएं करने के मामले में एक महिला और उसके मित्र को 24 घंटे से भी कम
समय में पकड़ने में सफलता हासिल की है। गुरुवार काे पकड़े गए आरोपियों की पहचान हांसी के चार कुतुब
गेट पर रह रही धोला कुआं निवासी अंजली व हिसार के आजाद नगर निवासी नितेश शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार चैन स्नैचिंग की पहली घटना शहर के सिविल लाइन
थाना क्षेत्र के कैंप चौक पर हुई, जहां एक बुजुर्ग व्यक्ति स्कूटी पर सवार होकर अपने
गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक महिला ने तबीयत खराब होने का बहाना बनाकर लिफ्ट
लेने के लिए स्कूटी सवार बुजुर्ग को रुकवाया। कुछ दूरी पर जाने के बाद महिला ने स्कूटी
रुकवा ली और बुजुर्ग व्यक्ति पर छेड़छाड़ के आरोप लगाने लगी। आरोप लगाकर महिला ने उसे
डराया-धमकाया और मौका पाकर बुजुर्ग का बैग जिसमें नगद व जरूरी दस्तावेज थे, छीनकर मौके
से फरार हो गई।
दूसरी वारदात अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र की बैंक
कॉलोनी में हुई, जहां उसी महिला द्वारा स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया गया। मामले
की सूचना मिलते ही संबंधित सीआईए वन स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों घटनास्थल
के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी महिला व
उसके मित्र की पहचान कर उसे काबू कर लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ में सामने आया कि आरोपी
महिला राह चलते लोगों से लिफ्ट लेने के बहाने स्कूटी/मोटरसाइकिल पर बैठ जाती थी। थोड़ी
दूरी पर पहुंचकर वह वाहन रुकवाती और वाहन चालक पर छेड़छाड़ के झूठे आरोप लगाने की धमकी
देकर उन्हें डराती-धमकाती थी। इसी दौरान वह मौका पाकर उनके पास से नकदी व अन्य सामान
स्नैच कर लेती थी।
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि वारदात
के समय उसका एक साथी कुछ दूरी पर मौजूद रहता था। महिला द्वारा सामान छीने जाने के बाद
वह अपने साथी के साथ मौके से फरार हो जाती थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम द्वारा आसपास
लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान
पुलिस को सूचना मिली कि उक्त महिला आरोपी अपने साथी के साथ बरवाला चुंगी, नजदीक न्यू
पुलिस लाइन में तीसरी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रही है। सूचना पर पुलिस
टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में गश्त बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधि के आधार
पर महिला आरोपी व उसके साथी को काबू कर लिया। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ
की जा रही है पुलिस पूछताछ में आरोपी महिला
ने बताया कि वह ओर उसका मित्र पिछले कुछ समय से नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के
लिए अपने साथी के साथ मिलकर राह चलते लोगों को बहाने से रोककर उनका सामान छीनने की
वारदात करती थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
