काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा प्रकाशित दो पुस्तकों का विमोचन

हिसार, 29 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव

राज कम्बोज ने छात्र कल्याण निदेशालय की काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से प्रकाशित
दो पुस्तकों का विमोचन किया। इन पुस्तकों में कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर और कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल
इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के वर्ष 2024-25 के दौरान निजी क्षेत्र की कंपनियों में
चयनित हुए विद्यार्थियों का विस्तृत ब्यौरा दिया गया है।
कुलपति प्रो. कम्बोज ने गुरुवार काे बताया कि छात्र कल्याण निदेशालय की काउंसलिंग एंड प्लेसमेंट
सेल द्वारा वर्ष 2024-25 के दौरान विभिन्न रोजगार मेले आयोजित किए गए। इन रोजगार मेलों
में देश की प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियों में विश्वविद्यालय के 53 प्रतिभाशाली
विद्यार्थियों का चयन हुआ। इनमें कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर के 38 विद्यार्थियों का चयन हुआ
है जिनमें अधिकांश विद्यार्थियों ने बीएससी, एमएससी तथा एमबीए की डिग्रियां प्राप्त
की है। इसी प्रकार कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के 15 स्टूडेंट
का चयन हुआ है जिन्होंने बीटेक तक अपनी पढ़ाई की है। चयनित किए गए विद्यार्थियों को
अधिकतम 10 लाख रुपए तक का वार्षिक पैकेज मिलेगा।
इन कंपनियों में हुआ विद्यार्थियों का चयन
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एसके पाहुजा ने बताया कि कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर के विद्यार्थियों
को निजी क्षेत्र की कंपनियों पेस्टीसाइड, शुगर, बीज, इंश्योरेंस, बायो एनर्जी तथा एनजीओ
में चयन हुआ है। इसी प्रकार कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के विद्यार्थियों
का निजी क्षेत्र की कृषि अभियान्त्रिकी के उपकरण बनाने वाली कंपनी टैफे, महेन्द्रा
एंड महेन्द्रा, सोनालिका तथा एस्कॉर्ट कुबोटा में चयन हुआ है।
इस अवसर पर सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. अतुल ढींगड़ा,
मीडिया एडवाइजर डॉ.संदीप आर्य व सह छात्र कल्याण निदेशक डॉ. सुबोध अग्रवाल उपस्थित
रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
