सदर क्षेत्र के गांव भिवानी रोहिला के पास हुआ

हादसा
हिसार, 25 जनवरी (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र
के गांव भिवानी रोहिला के पास पटाखे लेकर जा रहे ट्रक में विस्फोट हो जाने से ट्रक
की पूरी बॉडी फट गई और पटाखे सड़क पर बिखर गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा ब्रेकर
पर ट्रक के उछलने की वजह से हुआ लेकिन हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस मामले की
जांच में लगी है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एक ट्रक रविवार
को करनाल से पटाखों की खेप लेकर मध्यप्रदेश की ओर जा रहा था। जैसे ही यह गाड़ी सदर
क्षेत्र के गांव भिवानी रोहिला के पास पहुंची और ब्रेकर से निकलने का प्रयास किया तो
गाड़ी उछल गई और इसमें धमाका हो गया।
अचानक हुए धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग सतर्क
हो गए और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित हो गया। विस्फोट के बाद ट्रक चालक
ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को तुरंत गांव के रिहायशी इलाके से बाहर निकाला और चालक
ने ही बिना देरी किए दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की
गाड़ी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बावजूद ट्रक में आग नहीं लगी, जिस कारण बड़ा
हादसा टल गया। हादसे के बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में पटाखे बिखर गए, जिन्हें आसपास
के लोग उठाकर अपने घरों को ले गए।
घटना की सूचना मिलने पर बालसमंद पुलिस चौकी इंचार्ज
सब इंस्पेक्टर जयबीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा
लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह विस्फोट कुछ देर बाद गांव के अंदर होता तो
बड़ा नुकसान हो सकता था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विस्फोटक सामग्री ले
जाने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए और रिहायशी इलाकों से ऐसे वाहनों की आवाजाही
पर रोक लगाई जाए। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
