आसनसोल, 17 मार्च (हि. स.)। ईद को लेकर हीरापुर थाना में पुलिस अधिकारियों ने एक बैठक किया। बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर अशोक सिंघा महापात्र, हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह, आसनसोल साउथ ब्लॉक टाउन तृणमूल कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष पूर्णेन्दु चौधरी तथा मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित थे।

हीरापुर थाना प्रभारी करतार सिंह ने कहा कि हीरापुर थाना क्षेत्र में प्रत्येक पर्व काफी शांतिपूर्ण और सौहार्द के माहौल में मनाया जाता है। आसनसोल के दूसरे क्षेत्रों में संप्रदायिक संघर्ष की घटना घटित हुई है। लेकिन हीरापुर थाना क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सौहार्द पर आंच कभी नहीं आई है। उन्होंने कहा कि ईद के दौरान यदि किसी भी प्रकार के अप्रत्याशित घटना होती है तो उसकी सूचना हीरापुर थाना को दीजिए। यदि जनप्रतिनिधि अपने स्तर से इसे नियंत्रण में लेने में सक्षम है तो वह कर सकते हैं अन्यथा तुरंत घटना की जानकारी पुलिस अधिकारियों को दीजिए। जिससे समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
करतार सिंह ने कहा कि होली के दौरान सभी स्थानीय पार्षदों तथा जनप्रतिनिधियों से यह अनुरोध पुलिस प्रशासन की ओर से की गई थी। ईद के पर्व में भी स्थानीय पार्षदों तथा जनप्रतिनिधियों को पुलिस प्रशासन को सहयोग करना चाहिए। जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि यदि किसी कारणवश उनके क्षेत्र के किसी व्यक्ति को पुलिस जांच पड़ताल के लिए हिरासत में लेती है तो उसकी पैरवी में तुरंत फोन ना करें। पुलिस अपनी कार्रवाई पूरी करने के बाद यह सुनिश्चित करेगी कि उसके खिलाफ मुकदमा बनाना है या उसे समझाकर छोड़ देना है।
थाना प्रभारी करतार सिंह ने सभी से अनुरोध किया कि समाज के अच्छे वर्ग को आगे बढ़कर कार्य करना होगा। तभी समाज में सुधार हो पाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
