औरैया, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र के एक गांव में होलिका दहन की तैयारियों के बीच त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई, जब छत पर लगे खुले जाल (ग्रिल) से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। घटना बीती देर रात सोमवार करीब 12:30 बजे की है।

जानकारी के अनुसार, अछल्दा थाना क्षेत्र के मिश्रीपुर निवासी सुनीता देवी पत्नी राजू कुमार बाथम बीती रात में घर पर होलिका दहन की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान उन्होंने अपने बेटे से छत पर लगा लोहे का जाल खोलने को कहा। बेटा जाल खोलकर नीचे आ गया। कुछ देर बाद सुनीता किसी काम से कमरे में गईं और फिर आंगन की ओर पहुंचकर स्वयं छत पर चली गईं। बताया जा रहा है कि इस दौरान रात का समय होने के कारण छत पर पर्याप्त रोशनी नहीं थीं, जिसके चलते महिला खुला जाल नहीं देख सकी और आगे बढ़ते ही वह नीचे आंगन में आ गिरी पड़ीं। आवाज सुनकर घर के बाहर खड़ा बेटा जब अंदर पहुंचा तो मां को आंगन में अचेत पड़ा देख चीख पड़ा। परिजन महिला को

गंभीर अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछल्दा ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति राजू कुमार बाथम और मृतक महिला के पांच बेटे शिवम, विकास, हिमांशु, अवनीश और पवनीश हैं।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच की। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इंकार किए जाने के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। अछल्दा थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार दोपहर नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
