लखनऊ, 28 फरवरी (हि.स.)। होली पर्व को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी हैं। इस संबंध में सभी अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं।

डीजीपी के आदेश के मुताबिक, होली के त्योहार को देखते हुए 1 मार्च से सात मार्च तक के लिए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द हो गई हैं। होली में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। होली को लेकर उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में खासतौर पर सतर्कता बरती जा रही है। ऐसे में पुलिस की पूर्ण उपलब्धता को सुनिश्चित करने के मकसद से यह कदम उठाया गया है। उत्तर प्रदेश के सभी डीजी, एडीजी, आईजी और डीआईजी के साथ एसएसपी को ये निर्देश दिए गए हैं।

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म की भी सतर्क निगरानी करने को कहा हैं । भ्रामक खबरों पर नजर रखने के निर्देश दिए। यदि कहीं कोई अफवाह फैलाने की कोशिश करता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाए। होलिका दहन वाले स्थानों पर पहले से ही सुरक्षा का इंतजाम हो। जिन स्थानों पर पहले कोई विवाद हुआ हो वहां अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
