अलवर, 01 मार्च (हि.स.)। होली और धुलंडी के पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। 2 और 3 मार्च को होने वाले होलिका दहन और धुलंडी के मद्देनजर पूरे जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समुचित बंदोबस्त किए गए हैं। जिले के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन में विशेष टीमों को सक्रिय रखा गया है। उन्होंने बताया कि लगभग 500 पुलिस अधिकारी और जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे। पुलिस कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल भी लगाया जाएगा। होली के नाम पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग, जबरन रंग लगाना, अश्लील हरकतें करना या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। आपत्तिजनक पोस्ट, भड़काऊ सामग्री या अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की साइबर टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जाप्ता लगाया गया है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। होलिका दहन स्थलों पर भी पुलिस की मौजूदगी रहेगी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाले बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
त्योहार से पूर्व सभी थानाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। इन बैठकों में जनप्रतिनिधियों, धार्मिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से सहयोग की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने समाज के सभी वर्गों से आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार
