लखनऊ, 10 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश में 1.40 करोड़ लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। देश के 12 राज्यों के 124 जनपदों में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के साथ संयुक्त रूप से एमडीए अभियान का शुभारंभ हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की। यह जानकारी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दी।

विधानसभा स्थित सभागार में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी मार्गदर्शन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान का शुभारम्भ किया। उत्तर प्रदेश के फाइलेरिया प्रभावित 21 जनपदों के 64 प्लानिंग यूनिटों में वृह्द अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत 12332 टीमें और 2246 पर्यवेक्षकों को लगाया गया है।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि इस अभियान में उत्तर प्रदेश के फाइलेरिया प्रभावित 21 जनपद शाहजहांपुर, बलिया, बाराबंकी, चित्रकूट, उन्नाव, प्रतापगढ़, अयोध्या, भदोही, हरदोई, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, अबंडेकरनगर, औरैया, बहराइच, बांदा, फतेहपुर, खीरी, लखनऊ, पीलीभीत और रायबरेली के 64 प्लानिंग यूनिटों में अभियान चलाया जाएगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि फाइलेरिया के दुष्प्रभाव से मानव जीवन, कार्यक्षमता और उत्पादकता तीनों प्रभावित होते हैं। सभी आयोग्य आयुष्मान केंद्रों पर फाइलेरिया की दवा उपलब्ध है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार मयंकेश्वर शरण सिंह, अपर मुख्य सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) अमित घोष, डीजी, हेल्थ डॉ. पवन कुमार, एमडी, एनएचएम पिंकी जोएल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
